Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

पंजाब में सीमा पार हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार

चंडीगढ़, सात सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने अमृतसर में दो लोगों को गिरफ्तार कर सीमा पार से मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और उनके कब्जे से 15 अवैध पिस्तौल एवं पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के रोरावाला खुर्द निवासी दीपक सिंह और वेरका-मजीठा बाईपास निवासी शुभप्रीत सिंह उर्फ शुभ के रूप में हुई है।

यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर क्षेत्र में आपूर्ति के लिए अवैध हथियारों तथा मादक पदार्थों की खेप प्राप्त कर रहे थे।

डीजीपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके और अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ तस्करी के व्यापक नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

पुलिस महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने अभियान का विवरण साझा करते हुए कहा कि घरिंडा थाने की टीमों को सूचना मिली थी कि अवैध पिस्तौल और हेरोइन की तस्करी करने वाले दो संदिग्ध अटारी इलाके में सक्रिय रूप से घूम रहे हैं।

भुल्लर ने कहा कि सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अटारी-जबल रोड पर धुसी बांध टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी की और स्कूटर पर सवार दो संदिग्धों को रोका।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि तलाशी लेने पर स्कूटर सवार शुभप्रीत सिंह और दीपक सिंह के कब्जे से 15 पिस्तौल और पांच किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद हुई।

अमृतसर (देहात) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस मॉड्यूल में शामिल दो और आरोपियों की पहचान की गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

भाषा राखी रंजन

रंजन