इंदौर (मध्यप्रदेश), सात सितंबर (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने सोमवार को आगामी लोकसभा चुनाव को क्रिकेट मैच से जोड़ते हुए इस सदन के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अपने चिर-परिचित अंदाज में प्रहार किया।
उन्होंने इंदौर में नशामुक्ति अभियान से जुड़े एक कार्यक्रम में तुकबंदी करते हुए कहा, ‘‘2029 में हम खेलेंगे क्रिकेट और मैं जरूर लूंगा राहुल गांधी का विकेट।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी टीम बहुत मजबूत है, जबकि राहुल गांधी की टीम ठीक-ठाक नहीं है। (2029 के लोकसभा चुनाव में) गांधी की टीम का कोई खिलाड़ी इधर जाएगा, तो कोई उधर जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष सरकार पर जितना भी हमला कर लें, लेकिन वर्ष 2029 के चुनाव में उनके लिए एक भी ‘मैच’ जीतना बहुत मुश्किल होगा।
कार्यक्रम के बाद आठवले ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और संविधान को भूलकर नकारात्मक रवैया अख्तियार कर रहा है।
उन्होंने दावा किया कि विपक्षी नेता संविधान की बात जरूर करते हैं, लेकिन उनका सारा काम संविधान के विरोध में चल रहा है।
आठवले ने कहा, ‘‘राहुल गांधी बार-बार कहते हैं कि केंद्र सरकार संविधान बदल देगी। मेरा उनसे निवेदन है कि वह संविधान की चिंता न करें और अपनी पार्टी को संभालें। संविधान बचाने की जिम्मेदारी हम पर है और हम इसे संभाल लेंगे।’’
आठवले ने राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर भी निशाना साधा। इस कार्यक्रम में वह विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा,‘‘राहुल गांधी को युवाओं के बीच जाना चाहिए, लेकिन तमाम युवा 2029 के चुनाव के दौरान हमारे साथ आएंगे। हमें पूरा विश्वास है कि इस चुनाव में चौथी बार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी।’’
भाषा
हर्ष रवि कांत