कोलकाता, सात सितंबर (भाषा) खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जारी अभियान के तहत केएमसी ने सोमवार को भी बहूबाजार के पारंपरिक छाना पट्टी और गरियाहाट बाजार में छापेमारी की। इस दौरान बासी डेयरी उत्पादों और जमे हुए मांस को जब्त कर नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की प्रवर्तन और खाद्य सुरक्षा टीमों ने बहूबाजार के छाना पट्टी में कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर की गुणवत्ता जांचने और उसमें संभावित मिलावट का पता लगाने के लिए आयोडीन घोल की मदद से नमूनों की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि अधिकांश दुकानों में पनीर की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, लेकिन अधिकारियों ने बिक्री के लिए रखे गए पुराने और बासी खोया, छेना केक तथा अन्य डेयरी उत्पादों का पता लगाया।
अधिकारियों ने बताया कि इन सामान को जब्त कर नष्ट कर दिया गया। वहीं, दुकानदारों को ऐसे उत्पादों को रखने या बेचने से बचने की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि एक दुकान को आवश्यक खाद्य लाइसेंस या वैध खाद्य कारोबार प्रमाणपत्र के बिना संचालन करने के आरोप में नोटिस भी जारी किया गया है।
वहीं, अलग से केएमसी की एक टीम ने गरियाहाट बाजार की मछली और मांस की दुकानों में औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न दुकानों से मछली के मांस के नमूने लिए गए, जिन्हें विक्रेताओं की मौजूदगी में सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मांस की दुकानों के निरीक्षण के दौरान जमे हुए चिकन और मटन के ऐसे पैकेट मिले, जिन पर उत्पादन या पैकेजिंग की तारीख जैसी अनिवार्य जानकारी दर्ज नहीं थी।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसा करीब 10-15 किलोग्राम जमा हुआ मांस जब्त कर नष्ट कर दिया गया क्योंकि जांच में यह बिक्री के लिए अनुपयुक्त पाया गया।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए मांस को दोबारा उपभोक्ताओं तक पहुंचने से रोकने के लिए उसे नष्ट करने से पहले कीटाणुनाशक से उपचारित किया गया और फिर नगर निगम के कचरा केंद्र में फेंक दिया गया।
नगर निकाय ने संकेत दिया है कि निवासियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के प्रयासों के तहत कोलकाता के विभिन्न बाजारों में खाद्य सुरक्षा संबंधी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य सरकार धोखाधड़ी, सब्जियों और मछलियों में हानिकारक रंगों के इस्तेमाल तथा तौल और माप में हेराफेरी समेत बेईमान कारोबारी गतिविधियों के खिलाफ कतई बर्दाश्त न करने की नीति अपनाएगी।
भाषा तान्या नरेश
नरेश