Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

झारखंड: छात्रों पर दर्ज मामले वापस लेने की मांग को लेकर आठ सितंबर से आंदोलन करेगी भाजपा

रांची, सात सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर मंगलवार से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि भाजपा सभी 24 जिलों के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी और उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के कार्यालयों का घेराव करेगी।

उन्होंने बताया कि रांची में प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू करेंगे जबकि दुमका में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी आंदोलन की अगुवाई करेंगे।

भाजपा के प्रदेश महासचिव अमर बाउरी ने सोमवार को एक बयान में कहा, “विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने समेत अपनी मांगों को लेकर आठ से 11 सितंबर तक चरणबद्ध तरीके से 24 जिलों में होने वाले चार दिवसीय आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।”

रांची, गिरिडीह और हजारीबाग में 23 अगस्त को विरोध मार्च के दौरान पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद 50 से अधिक नामजद तथा 1,100 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ कम से कम छह प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।

बयान के अनुसार, आठ सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता रांची, दुमका, हजारीबाग, जमशेदपुर, गिरिडीह और गढ़वा के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे।

बयान में बताया कि कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में नौ सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, 10 सितंबर को सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में तथा 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा व जामताड़ा में प्रदर्शन होंगे।

बयान में बताया गया कि हजारीबाग और जमशेदपुर में प्रदर्शन का नेतृत्व क्रमश: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और मधु कोड़ा करेंगे, जबकि गढ़वा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आंदोलन की अगुवाई करेंगे।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन