Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

दिल्ली में घर के बाहर हंगामा का विरोध करने पर मणिपुरी संगीतकार पर हमला, मौत

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में सामान पहुंचाने का काम करने वाले और ढाबा कर्मियों के एक समूह ने 54-वर्षीय मणिपुरी संगीतकार पर कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे उनकी सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सनलाइट कॉलोनी थाना अंतर्गत किलोकरी गांव के निवासी एवं मणिपुर से ताल्लुक रखने वाले सी. विक्रम सिंह की पिटाई के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मेइती समुदाय से संबद्ध सिंह ने सामान पहुंचाने वाले कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों द्वारा उनके आवास के बाहर कथित रूप से शोर मचाने पर आपत्ति जताई थी।

पुलिस ने कहा कि जब वह नीचे आए और उन लोगों का विरोध किया, तो इन कर्मचारियों ने उनपर हमला कर दिया और उन्हें कथित रूप से मुक्के मारे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अधिकारी ने बताया कि सिंह को उनका बेटा याईफाबा इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल ले गया, जहां उनकी (सिंह की) मौत हो गई।

उन्होंने हमले और सिंह की मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने कहा कि एक नाबालिग सहित कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

‘नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी’ (एनईएसएसडीयू) ने सोमवार को जारी एक बयान में सिंह की मौत की निंदा की और उन्हें ‘‘सम्मानित मणिपुरी संगीतकार’’ बताया।

छात्रों के संगठन ने कहा, ‘‘रिपोर्ट के मुताबिक, छह लोगों का एक समूह जब उनके घर के बाहर शराब पी रहा था और हंगामा कर रहा था तो वह अपने घर के बाहर आए और उनसे शोर कम करने का अनुरोध किया, इसके बाद समूह ने उनपर कथित तौर पर हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे बाद में उनकी मौत हो गई।'

एनईएसएसडीयू ने इसकी निंदा करते हुए इसे ‘‘हिंसा का संवेदनहीन कृत्य’’ बताया और अधिकारियों से ‘‘तेज, निष्पक्ष और गहन जांच’’ सुनिश्चित करने और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया।

पुलिस ने कहा कि कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश