जयपुर, सात सितंबर (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक निजी स्कूल संचालक ने सोमवार को एक शॉपिंग मॉल की सातवीं मंजिल से कथित रूप से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बानी पार्क निवासी 38 वर्षीय अभिनव राज के रूप में हुई है। वह इसी इलाके में एक निजी स्कूल संचालित करते थे।
पुलिस ने बताया, ‘‘राज सोमवार सुबह अपने घर से निकले और अजमेर रोड स्थित एक मॉल पहुंचे। उन्होंने मॉल की सातवीं मंजिल से कथित रूप से छलांग लगा दी।’’
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राज वैवाहिक विवाद के कारण तनाव में थे। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत