नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के संबंध में सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को एक अंतर-राज्य समन्वय बैठक आयोजित की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) मिलिंद महादेव डुंबरे ने की और इसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने शिखर सम्मेलन के दौरान खुफिया जानकारी साझा करने, राज्यों की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाने, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया पर ध्यान देने के साथ पड़ोसी जिलों के बीच निर्बाध समन्वय सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की।
पुलिस ने कहा कि बैठक में गाजियाबाद और नोएडा के साथ लगती अंतरराज्यीय सीमा पर 24 घंटे संयुक्त जांच और गहन निगरानी की भी समीक्षा की गई।
पुलिस ने बताया कि होटल, अतिथि गृह, पेइंग गेस्ट आवास और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किरायेदारों और कर्मचारियों के सत्यापन और सुरक्षा जांच पर भी चर्चा की गई।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य रिमोट से उड़ाने वाली वस्तुओं के खिलाफ निगरानी बढ़ाने की भी योजना बनाई है।
अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधों, मार्ग परिवर्तन, सीमा पर जांच और वाहनों की आवाजाही के संबंध में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की यातायात पुलिस के बीच समन्वय की समीक्षा की गई।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन