ईटानगर, सात सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मंगलवार शाम दो दिवसीय दौरे पर अरुणाचल प्रदेश पहुचेंगे। इस दौरान वह विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राधाकृष्णन असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने रविवार को की।
अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति मंगलवार शाम इंफाल से ईटानगर पहुंचेंगे और अगले दिन अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे। वह विधानसभा की गैलरी-सह-संग्रहालय का भी दौरा करेंगे।
उनके कार्यक्रम में ईटानगर स्थित न्येदर नामलो (प्रार्थना कक्ष), जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और डोनी पोलो मिशन स्कूल फॉर द हियरिंग एंड विजुअली इम्पेयर्ड (श्रवण एवं दृष्टिबाधित बच्चों के लिए विद्यालय) का दौरा भी शामिल है।
राधाकृष्णन के अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करने की संभावना है।
उपराष्ट्रपति के आगमन से पहले राज्य की राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
ईटानगर राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक जुम्मर बसर ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों को महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से अधिकारी पूरी राजधानी में रात के समय गश्त भी कर रहे हैं।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप