हैदराबाद, सात सितंबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ लड़ाई के लिए कांग्रेस, वामपंथी और अन्य धर्मनिरपेक्ष ताकतों का एकजुट होना जरूरी है।
माकपा नेता सरमपल्ली मल्ला रेड्डी के निधन के बाद उनकी याद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान “जानबूझकर व व्यवस्थित तरीके से” भाजपा विरोधी मतदाताओं के नाम हटा रही है।
मोदी को “देश के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति” बताते हुए उन्होंने दावा किया कि अगर मोदी की हार हुई और कांग्रेस सत्ता में आई तो वह भी वामपंथियों की जीत होगी।
उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में वामपंथियों ने भोजन, आवास और जनता के अन्य मुद्दों को लेकर संघर्ष किए, जबकि कांग्रेस ने कानून बनाकर इन समस्याओं के समाधान निकाले।
उन्होंने इसके उदाहरण के तौर पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कानून, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा कानून और तेलंगाना की ‘इंदिरम्मा’ आवास योजना का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, “मोदी के खिलाफ लड़ाई के लिए कांग्रेस और वामपंथी भाइयों तथा धर्मनिरपेक्ष ताकतों का एकजुट होना ऐतिहासिक जरूरत है।”
भाषा जोहेब रंजन
रंजन