Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

पत्नी की हत्या कर सिर फ्रिज में रखा; पति गिरफ्तार

गुवाहाटी, सात सितंबर (भाषा) गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में एक घर से एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया और उसका कटा हुआ सिर प्लास्टिक की थैली में लिपटा फ्रिज के अंदर मिला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि महिला के पति रामानुज गोस्वामी को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी ने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंध को लेकर गुस्से में आकर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है।’’

मृतक महिला की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है जो एक बुटीक में काम करती थी और उसका पति कैब चालक है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें दंपति के परिवार के सदस्यों से सूचना मिली थी कि पिछले दो दिन से उनका दोनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसी आधार पर हाटीगांव थाने की एक टीम उनके फ्लैट पर गई। घर का दरवाजा खुला हुआ था और फर्श पर महिला का शव पड़ा था जिसका सिर धड़ से अलग था।’’

उन्होंने बताया कि बाद में कटा सिर फ्रिज के अंदर पॉलीथीन की थैली में लिपटा मिला।

अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्य संदिग्ध गोस्वामी ने आत्मसमर्पण कर दिया है और अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने दावा किया कि तीन सितंबर को उनके बीच झगड़ा हुआ था और दोनों के बीच यह झगड़ा अगले दिन तड़के तक चलता रहा। इस दौरान उसने अपना आपा खो दिया और अपनी पत्नी की हत्या कर दी।’’

पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार दाव घर से बरामद कर लिया है।

गोस्वामी का कहना है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध था जिसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

पुलिस ने बताया कि गोस्वामी धुबरी जिले का जबकि तालुकदार गुवाहाटी की निवासी थी। उनकी शादी को एक साल भी नहीं हुआ था।

दोनों गोस्वामी के परिवार के स्वामित्व वाली जमीन पर बने एक फ्लैट में रहते थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी पति द्वारा किए गए दावों की हम पड़ताल कर रहे हैं। विस्तृत पूछताछ अभी बाकी है। हम उन परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं जिनकी वजह से यह अपराध हुआ। गहन जांच के बाद ही और विवरण साझा किया जा सकेगा।’’

भाषा खारी नरेश

नरेश