(कॉपी में संशोधन के साथ रिपीट)
नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) ‘रशिया टुडे’ (आरटी) ने सोमवार को भारत में अपनी हिंदी डिजिटल सेवा की शुरुआत की। इसके साथ ही रूसी प्रसारक ने पिछले एक साल में अंग्रेजी भाषा के दर्शक वर्ग से आगे बढ़ते हुए भारत के हिंदी समाचार जगत में अपनी पहुंच का विस्तार किया है।
रशिया टुडे द्वारा सोमवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह शुरुआत 12 से 13 सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से कुछ दिन पहले और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा से पहले हुई है। पुतिन की इस यात्रा के दौरान उनके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने की संभावना है।
विज्ञप्ति के अनुसार, हिंदी सेवा का विस्तार भारत में आरटी की बढ़ती मौजूदगी की दिशा में एक और कदम है। आरटी ने भारत में ‘फर्क नजरिए का’ टैगलाइन के साथ सेवाओं की शुरुआत की है।
आरटी की विज्ञप्ति के अनुसार उच्चस्तरीय शिखर सम्मेलनों में राष्ट्रपति पुतिन को कवर करने वाले पत्रकारों की फेहरिस्त में शामिल रुनझुन शर्मा इसकी कमान संभाल रही हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘फर्क नजरिए का’ टैगलाइन इस विचार के इर्द गिर्द केंद्रित है कि कोई भी एक दृष्टिकोण भारत या पूरी दुनिया को समझने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकता तथा इसे देखने एवं समझने के लिए एक से अधिक रास्ते हैं और यह संकेत देता है कि ये नजरिया हमेशा पश्चिमी दृष्टिकोण तक सीमित नहीं होना चाहिए।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
नरेश
नरेश