नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास स्थित सत्य निकेतन में एक बहुमंजिला इमारत गिरने की घटना में जान गंवाने वाले सात में छह मृतकों की पहचान हो गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इमारत ढहने के बाद राहत और बचाव एजेंसियों के लगातार प्रयासों के चलते मलबे में दबे कई लोगों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि हादसे में कुल 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से सात लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में उत्तर प्रदेश में सोनभद्र निवासी 20-वर्षीय छात्र अभिषेक, छत्तीसगढ़ निवासी छात्र युवराज सोनी (20), उत्तर प्रदेश के औरैया का छात्र पवन (17), मध्यप्रदेश के देवास का छात्र अर्पित जहाज (19) और कटनी निवासी छात्र अक्षत सिंह यादव (18) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा 75-वर्षीय सुरिंदर सिंह की भी मौत हुई है, जो मजदूरी करते थे। उन्होंने बताया कि एक मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल लोगों में असगर अली (30), नीरज बावा (19), आदित्य कुमार (19), नितिश छिब (19) और मोहम्मद अयान (18) शामिल हैं। पांचों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
यह इमारत रविवार अपराह्न करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश