Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

दिल्ली: सत्य निकेतन इमारत हादसे पर भाजपा और ‘आप’ आमने-सामने, मृतकों की संख्या बढ़कर सात हुई

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत ढहने की घटना को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

दोनों दलों ने एक-दूसरे पर अलग अलग ‘प्राथमिकताएं’ होने का आरोप लगाया कहा कि उन्हें पीड़ितों पर ध्यान देना चाहिए।

हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित इस इमारत के मलबे से बचाव एवं तलाशी अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

दशकों पुरानी यह बहुमंजिला इमारत रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उस समय ढह गई, जब उसमें मरम्मत का काम जारी था।

भाजपा ने ‘आप’ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के नवीनीकरण पर भारी खर्च किया जबकि लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।

भाजपा ने कहा कि लोग ‘आप’ के ‘शीशमहल’ प्रेम को भूले नहीं हैं।

‘आप’ ने ‘एक्स’ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा था कि दिल्ली में इमारत गिरने की घटना के समय शाह गोवा में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन कर रहे थे।

‘आप’ के इस पोस्ट पर भाजपा ने यह प्रतिक्रिया दी।

‘आप’ ने पोस्ट में कहा, “जब दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरी, उस समय अमित शाह गोवा में भाजपा के एक अन्य कार्यालय का उद्घाटन करने में व्यस्त थे। भाजपा की प्राथमिकता अपने कार्यालय हैं, छात्रों के छात्रावास नहीं।”

भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘आप’ के इस आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि अमित शाह ने अपनी सभी निर्धारित बैठकें रद्द कर दी थीं और वह खुद स्थिति पर नजर रख रहे थे।

भंडारी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल पर मौजूद थीं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही थीं।

उन्होंने कहा, “भाजपा सांसद और विधायक मौके पर मौजूद थे, पीड़ितों की मदद कर रहे थे और यह सुनिश्चित कर रहे थे कि प्रशासनिक समन्वय में कोई देरी न हो। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह ‘आप’ सरकार नहीं, भाजपा सरकार है। यह जवाबदेही तय करती है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करती है।”

प्रवक्ता ने ‘आप’ पर फर्जी खबरें फैलाने और सत्य निकेतन हादसे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “फर्जी खबरें फैलाने वालों! सामान्य मानवीय संवेदना आपको कम से कम 24 घंटे के लिए राजनीति से दूर रहने के लिए मजबूर करती। लेकिन ‘आप दा’ के लिए हमेशा अवसरवाद ही पहले आता है।”

सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सोमवार को दक्षिण जोन के उपायुक्त राकेश कुमार और चार अभियंताओं को अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित रहने तक निलंबित कर दिया।

दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक को राजस्थान के भिवाड़ी इलाके से गिरफ्तार किया है।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव