Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

जयपुर में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

जयपुर, सात सितंबर (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में नाबालिग लड़की का कथित रूप से अपहरण कर उससे दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है।

मालपुरा गेट के थाना अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि आरोपी पीड़िता की ही कॉलोनी में रहता था और वह उसे पहले से जानता था। दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी।

पुलिस के अनुसार, चार सितंबर की शाम आरोपी ने पीड़िता (15) को मिलने के बहाने कॉलोनी से बाहर बुलाया। इसके बाद वह लड़की को अपनी कार में बैठाकर ले गया और कथित रूप से उसका अपहरण कर लिया। आरोपी लड़की को द्रव्यवती नदी के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने खड़ी कार में उससे साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया। घटना के बाद आरोपी लड़की को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। साथ ही उसने धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पुलिस के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने परिवार को पूरी घटना बताई। पड़ोसी की इस हरकत की जानकारी मिलने के बाद परिवार थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसका बयान दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया गया तथा वारदात में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत