Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

दिल्ली इमारत हादसा: एबीवीपी ने निगम आयुक्त के इस्तीफे की मांग की; निगम मुख्यालय में ‘तोड़फोड़’

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सत्य निकेतन इमारत हादसे को लेकर भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान संगठन के सदस्यों ने ‘सिविक सेंटर’ के कुछ हिस्सों में कथित तौर पर तोड़फोड़ की।

पुलिस के अनुसार, सत्य निकेतन में रविवार को इमारत ढहने की घटना में अब तक सात लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है और कई लोग घायल हो गए हैं।

इस हादसे के बाद निगम की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताने के लिए रविवार को एबीवीपी के लगभग 150-200 सदस्य नगर निगम मुख्यालय पर एकत्र हुए।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी द्वार संख्या-5 से सिविक सेंटर में दाखिल हुए और मुख्य भवन के बाहर धरना दिया, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए एमसीडी से जवाबदेही तय करने की मांग की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने एमसीडी कार्यालय के कुछ हिस्सों में कथित तौर पर तोड़फोड़ की और सिविक सेंटर के मुख्य भवन में जबरन घुसने का प्रयास किया। इसके कारण प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस करीब 15 छात्रों को हिरासत में लेकर कमला मार्केट थाने ले गई, जहां दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद बाकी प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।

एबीवीपी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (आरएसएस) से जुड़ा संगठन है और इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन प्राप्त है। वर्तमान में इसके पास दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ में अध्यक्ष पद सहित तीन प्रमुख पद हैं।

वर्तमान में, 250 सीटों वाले नगर निगम में भाजपा के पास बहुमत है और दिल्ली के महापौर रोहिणी पूर्व से भाजपा पार्षद प्रवेश वाही हैं।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव