Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

झारखंड : अलग-अलग घटनाओं में दो लोग डूबे, तीन अन्य लापता

दुमका, सात सितंबर (भाषा) झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दुमका जिले में धोबे नदी पर बने ‘चेक डैम’ में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। उसने बताया कि यह घटना रविवार को हंसडीहा थाना क्षेत्र में हुई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के भाटिन गांव निवासी उमेश कुमार (18) और टेटरियाडीह गांव निवासी अभिजीत कुमार (16) के तौर पर हुई है।

हंसडीहा थाना के प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया, ‘‘स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।’’

एक अधिकारी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिले में दो किशोर खरकई नदी में बने चेक डैम में बह गए और उनकी तलाश के लिए सोमवार को रांची से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम जिले में पहुंची।

उन्होंने बताया कि आरआईटी पुलिस थाना क्षेत्र के मिरुडीह निवासी एवं 17 और 18 साल के दो किशोर रविवार को आसंगी के चेक डैम में नहाने के लिए गए थे।

अधिकारी ने बताया कि पानी का स्तर बढ़ने के कारण बहाव तेज था और वे दोनों बह गए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की।

पुलिस ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में अन्य घटना में रविवार शाम पोटका थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुर्रा नदी में 20 साल का एक युवक डूब गया।

उसने बताया कि पीड़ित की पहचान राजीव कुमार सिंह के तौर पर की गई है और वह नरवा पहाड़ के पास पहाड़डांगा में अपने पांच दोस्तों के साथ गया था। वहां पर वह नहाने के लिए नदी में उतरा लेकिन तेज बहाव में बह गया।

पुलिस ने बताया कि दोस्तों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी लेकिन अंधेरा होने की वजह से तत्काल तलाश अभियान शुरू नहीं किया जा सका।

पोटका पुलिस थाना के प्रभारी सनी टोप्पो ने बताया कि तलाशी अभियान चल रहा था, लेकिन राजीव का कोई पता नहीं चला।

भाषा धीरज माधव

माधव