Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

सत्य निकेतन में भाजपा के कई नेताओं की संपत्तियां हैं: आम आदमी पार्टी का आरोप

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत के ढहने के कारण सात लोगों की मौत होने के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को आरोप लगाया कि इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं की संपत्तियां हैं, जिसकी वजह से पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था।

दक्षिण दिल्ली में दशकों पुरानी यह इमारत रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे ढह गई। उस दौरान इमारत में मरम्मत का काम किया जा रहा था। अब तक मलबे से 12 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, मलबे में अभी कितने लोग फंसे हैं, इसकी सही संख्या पता नहीं चल पाई है।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि इलाके में भाजपा के कई नेताओं की पीजी संपत्तियां हैं, जिससे यहां दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की कार्रवाई नहीं करने की वजह स्पष्ट होती है।

भारद्वाज ने पत्रकारों से कहा, ‘‘रविवार से सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि यहां भाजपा नेताओं की संपत्तियां हैं। पीजी के नाम पर यहां लूट मची हुई है लेकिन एमसीडी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसकी वजह यह है कि कई बड़े नेताओं की यहां संपत्तियां हैं। हमारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग है कि जिन लोगों की यहां संपत्तियां है उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं। यहां ‘पीजी माफिया’ है। ‘पीजी गिरोह’ चल रहा है।’’

आप नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को केवल 'रील्स' बनाने के लिए घटना स्थल का दौरा नहीं करना चाहिए। उन्होंने बचाव अभियान की 'धीमी गति' पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने मुख्यमंत्री को अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल का दौरा करते देखा है। इससे बचाव अभियान धीमा हुआ है। हमने देखा कि कल रात से ही बचाव अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसके पीछे क्या वजह है? क्या इसका मकसद मौतों की संख्या की जानकारी देने में देरी करना है?’’

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पेरिस यात्रा पर तीखा निशाना साधा है।

सिसोदिया ने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में छात्र हॉस्टल के मलबे में दबकर जान गंवा रहे हैं और देश के प्रधानमंत्री पेरिस में एक मंदिर के उद्घाटन का जश्न मनाने में व्यस्त हैं। क्या इससे ज्यादा संवेदनहीन नेता इस देश में कभी हुआ है?’’

दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण समेत कई एजेंसियों ने रातभर बचाव अभियान चलाया। दिन में भी बचाव अभियान जारी रहा।

मुख्यमंत्री घटना के दूसरे दिन दिल्ली सरकार और एमसीडी के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और खोज एवं बचाव अभियान का जायजा लिया।

रेखा गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से करीब 80 प्रतिशत मलबा हटा दिया गया है और बचावकर्मी भूतल से मलबा निकाल रहे हैं।

उन्होंने दिल्ली में पांच मंजिला सभी इमारतों को सील करने के आदेश दिए हैं।

घटना के बाद एमसीडी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी होने तक दक्षिणी जोन के उपायुक्त राकेश कुमार और चार अभियंताओं को निलंबित कर दिया है।

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को इमारत के मालिक को राजस्थान के भिवाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश