Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

सत्य निकेतन हादसा : इमारत का मालिक राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया

(तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत के ढहने की घटना के बाद पुलिस ने इसके मालिक को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था। इस घटना में अब तक मलबे से 12 लोगों को निकाला जा चुका है जिनमें से सात की मौत हो चुकी है।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भवन के मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया है और उससे आगे भी पूछताछ जारी है।

पुलिस ने बताया कि उसकी तलाश के लिए 10 टीम गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार, रविवार को इमारत ढहने के तुरंत बाद, गुप्ता को उसके एक परिचित व्यक्ति का फोन आया, जिसने उसे घटना के बारे में बताया। घटना के समय गुप्ता गुरुग्राम में था।

सूत्र ने बताया कि इसके बाद उसने तुरंत अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और शहर छोड़कर छिप गया।

भवन के मालिक के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद, पुलिस टीम ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद, उसके ठिकाने का पता लगाने और उसे देश छोड़ने से रोकने के लिए एक ‘लुक आउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी का पता लगाने और उसे देश छोड़ने से रोकने के लिए आसपास के कई राज्यों और हवाई अड्डों के साथ उसका विवरण भी साझा किया।

दिल्ली पुलिस ने गुप्ता का पता लगाने के लिए 10 टीम बनाईं। टीम में दक्षिण पश्चिम जिले, ‘स्पेशल स्टाफ’ और दिल्ली पुलिस की अन्य इकाइयों के कर्मी शामिल थे और उसका पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चलाया गया।

पुलिस ने कहा कि टीमों को राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई अन्य निकटवर्ती जिलों में भेजा गया था, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रैंक के अधिकारियों द्वारा तलाश का समन्वय और पर्यवेक्षण किया जा रहा था।

वहीं, खोज और बचाव अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा और एजेंसियों ने यह पता लगाने के प्रयास कर रही हैं कि कोई तो मलबे में दबा हुआ नहीं है।

पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में हरि राम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन