Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

मणिपुर दौरे में उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन मंगलवार को आईएनए संग्रहालय और सैनिक स्कूल जाएंगे

इंफाल, सात सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन मंगलवार को अपने एक दिवसीय मणिपुर दौरे के दौरान मोइरांग स्थित भारतीय राष्ट्रीय सेना (आईएनए) संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा यहां सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

राधाकृष्णन छह से नौ सितंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर हैं।

अधिकारियों के अनुसार, उपराष्ट्रपति मंगलवार सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से इंफाल हवाई अड्डे पहुंचेंगे।

इसके बाद वह सड़क मार्ग से बिष्णुपुर जिले के मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और आईएनए युद्ध स्मारक जाएंगे। वहां से लौटकर वह इंफाल स्थित सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह सैनिक स्कूल के दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति के साथ रहेंगे।

अधिकारी ने बताया कि राधाकृष्णन शाम 4 बजकर 30 मिनट पर अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के लिए रवाना होंगे।

उपराष्ट्रपति के इस उच्चस्तरीय दौरे को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंफाल और बिष्णुपुर जिले के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

राधाकृष्णन रविवार को असम पहुंचे थे। उन्होंने गुवाहाटी स्थित गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया और कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया।

सोमवार को उन्होंने गुवाहाटी विश्वविद्यालय में 110 करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा विकास परियोजना की आधारशिला रखी और कार्यक्रम को संबोधित किया।

उपराष्ट्रपति सोमवार को बाद में मेघालय के शिलांग पहुंचेंगे, जहां वह सोसो थाम सभागार में आयोजित होने वाले नागरिक अभिनंदन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

भाषा मनीषा दिलीप

दिलीप