Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

दक्षिणी लेबनान के गांव में इजराइल के हवाई हमलों में नौ लोगों की मौत, 13 अन्य घायल

कफर रुम्मान (लेबनान), सात सितंबर (एपी) दक्षिणी लेबनान के एक गांव पर सोमवार तड़के इजराइल की वायु सेना की ओर से किए गए हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

सोमवार के ये हमले दो महीने से भी अधिक समय पहले हुए संघर्ष विराम के बावजूद इजराइल और चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला में फिर से बढ़ते तनाव के दौरान हुए हैं।

कुछ दिन पहले इजराइल की सेना ने दावा किया था कि उसका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अली ताहेर पहाड़ी पर ‘‘कब्जा’’ है। यह पहाड़ी कई गांवों के साथ-साथ नबातीह शहर की ओर जाने वाली मुख्य सड़कों पर नजर रखने के लिए रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण है।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इनमें से एक हमला एक इमारत पर हुआ, जिसमें एक बच्चे और दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई।

इसने बताया कि हमले में चार बच्चों और दो महिलाओं सहित 11 लोग घायल भी हुए हैं।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि गांव में एक कार पर हुए अन्य हवाई हमले में ‘लेबनानी इस्लामिक रिसाला स्काउट एसोसिएशन’ के एक स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।

इससे पहले सोमवार को इजराइल की सेना ने दीर अल-जहरानी गांव में एक घर को खाली करने की चेतावनी जारी की थी और इसके तुरंत बाद एक इमारत पर हमला किया गया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इससे पहले रविवार को भी इजराइल की ओर से दक्षिणी लेबनान में किए गए हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी और एक खाली अस्पताल पूरी तरह जमींदोज हो गया था।

एपी खारी वैभव

वैभव