Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

स्विगी ने खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायतों के लिए समर्पित हेल्पलाइन की शुरू

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) खाद्य व पेय पदार्थों की ऑनलाइन ऑर्डर पर आपूर्ति करने वाले मंच स्विगी ने ग्राहकों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन शुरू करने के साथ अपने ऐप के ‘हेल्प’ खंड में ‘फूड सेफ्टी’ चैनल सोमवार को शुरू किया। इसके जरिये ग्राहक अपने ऑर्डर से जुड़ी खाद्य सुरक्षा संबंधी किसी भी चिंता या शिकायत की जानकारी दे सकेंगे।

यह कदम महाराष्ट्र जैसे राज्यों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा राज्यभर में कथित तौर पर की गई कार्रवाई और दिल्ली के पांच सितारा होटलों में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद खाद्य सुरक्षा पर फिर से बढ़े ध्यान की पृष्ठभूमि में उठाया गया है।

ग्राहक 7948231850 पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप में बनाए गए समर्पित खंड के जरिये ग्राहक संक्षिप्त संदेश के साथ अपनी शिकायत साझा कर सकते हैं और संबंधित तस्वीरें भी साझा कर सकते हैं। शिकायत की स्थिति जानने के लिए उन्हें एक टिकट नंबर मिलेगा।

स्विगी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए समर्पित हेल्पलाइन पर फोन करने वाले उपयोगकर्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक भी भेजा जाएगा। इस लिंक के जरिये वे समस्या से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी और तस्वीरें साझा कर सकेंगे।

दोनों ही मामलों में स्विगी की खाद्य सुरक्षा आश्वासन टीम प्राथमिकता के आधार पर उठाए गए मामलों की समीक्षा करेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी।

स्विगी फूड मार्केटप्लेस के मुख्य कारोबार अधिकारी सिद्धार्थ भाकू ने कहा, ‘‘हम खाद्य सुरक्षा के मामले में अपने रेस्तरां साझेदारों के साथ लगातार मिलकर काम कर रहे हैं। साथ ही, हम ग्राहकों के लिए अपनी चिंताओं को साझा करने के तरीकों को और मजबूत कर रहे हैं। ग्राहकों की प्रतिक्रिया हमेशा हमारे काम का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। संपर्क के ये अतिरिक्त माध्यम हमें जहां भी कोई कमी होगी, उसे पहचानने तथा दूर करने में और मदद करेंगे।’’

कंपनी ने कहा कि ऐप पर उपलब्ध समर्पित हेल्पलाइन और चैनल स्विगी के लिए एक सूचना-संग्रह के साधन के रूप में भी काम करेंगे। इससे कंपनी को बार-बार सामने आने वाली शिकायतों की पहचान करने, रुझानों का पता लगाने, रेस्तरां साझेदारों के साथ संवाद करने और समग्र मंच पर निवारक उपायों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

भाषा निहारिका अजय

अजय