तिरुवनंतपुरम, सात सितंबर (भाषा) मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने सोमवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। शानदार अभिनय और अपने खास अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले ममूटी ने इस मौके पर अपनी नयी फिल्म ‘मेला’ की भी घोषणा की। ममूटी को चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के साथ ही उन्हें पद्मश्री से भी नवाजा जा चुका है।
इस मौके पर ममूटी की प्रोडक्शन कंपनी ने उनकी आगामी फिल्म का एक शानदार पोस्टर साझा किया है। इस फिल्म को 'ममूटी की मेला' के रूप में पेश किया जा रहा है।
दिग्गज अभिनेता के 75वें जन्मदिन के मौके पर उनके प्रशंसकों, फिल्म जगत के सहयोगियों और राजनेताओं ने उन्हें बधाई दी।
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने ममूटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मलयालम सिनेमा का गौरव बताया।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि ममूटी की पांच दशक से अधिक लंबी अभिनय यात्रा ने बड़े पर्दे पर कई अद्भुत किरदार और यादगार पल रचे हैं। उन्होंने कहा कि ममूटी ‘‘भारतीय सिनेमा के लिए भी हमेशा प्रेरणा देने वाली शख्सियत’’ रहे हैं।
विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें अपने हर किरदार के जरिए अभिनय की असीम संभावनाओं को तलाशने का अनूठा हुनर है।
उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में उम्मीद जताई कि ममूटी आने वाले समय में भी अलग-अलग किरदारों को जीवंत कर पीढ़ियों के दर्शकों को चकित करते रहेंगे।
राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने भी सुपरस्टार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ममूटी का जन्मदिन पूरे राज्य के लोगों के लिए जश्न का दिन है।
चेन्निथला ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि ममूटी ने लगातार नए प्रयोग करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारा और अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने ‘पुझु’, ‘भ्रमयुगम’, ‘काथल’ और ‘कलंकवल’ जैसी फिल्मों में ममूटी के अभिनय की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि ममूटी आज भी अभिनय के प्रति उतने ही उत्साहित हैं और ऐसे किरदारों की तलाश में हैं, जिन्हें उन्होंने अब तक नहीं निभाया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेमोम से विधायक राजीव चंद्रशेखर ने इस अवसर पर अभिनेता को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनमें खुद को निरंतर नये रूप में ढालने की अद्भुत क्षमता है।
उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, 'दिग्गज ममूटी को 75वें जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई! आपका समर्पण, बेजोड़ बहुमुखी प्रतिभा और खुद को निरंतर नये रूप में ढालने की क्षमता पीढ़ियों को प्रेरित करती रही है। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता और आने वाले वर्षों में और अधिक सफलता की कामना करता हूं।'
ममूटी के फिल्मी सफर के साथी और करीबी दोस्त अभिनेता मोहनलाल ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मोहनलाल ने फेसबुक पर एक पोस्ट में ममूटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और हमेशा सफलता की कामना की।
फिल्म निर्देशक वैशाख ने भी ममूटी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। प्रशंसकों के बीच ‘ममूक्का’ के नाम से मशहूर ममूटी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि अभिनेता ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से कई तरह से प्रेरित किया है।
वैशाख ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘ममूक्का, आप सिर्फ ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिनकी मैं सिनेमा में प्रशंसा करता हूं। आपने मुझे व्यक्तिगत रूप से भी कई तरह से प्रेरित किया है। आपकी मौजूदगी, आपकी बातों और आपकी प्रेरणा के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। जन्मदिन की शुभकामनाएं ममूक्का। हमेशा ढेर सारा प्यार।’’
कलाकार माला पार्वती ने कहा कि समय के साथ हर किसी की उम्र बढ़ती है, लेकिन ममूटी के मामले में उम्र बढ़ने के साथ एक अभिनेता के रूप में उनका जादू और गहरा होता गया है।
उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘समय के साथ हर किसी की उम्र बढ़ती है, लेकिन आपके मामले में उम्र बढ़ने के साथ एक अभिनेता के रूप में आपका जादू और निखरता गया है। हर साल आपका अभिनय एक नया रंग, एक नया किरदार और एक नई यादगार प्रस्तुति लेकर आता है। जन्मदिन की शुभकामनाएं ममूक्का - आप हमेशा कालातीत और असाधारण बने रहें।’’
पांच दशक से अधिक लंबे करियर के बावजूद ममूटी की सुपरस्टार वाली लोकप्रियता आज भी बरकरार है। उन्होंने मलयालम के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों में काम किया है।
अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, सात राज्य फिल्म पुरस्कार और 14 फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है और दो मानद उपाधियां भी मिल चुकी हैं।
ममूटी की लोकप्रिय फिल्मों में ‘न्यू डेल्ही’, ‘थनियावर्तनम’, ‘ओरु वडक्कन वीरगाथा’, ‘ओरु सीबीआई डायरी कुरुप्पु’, ‘कुट्टी श्रांक’, ‘पालेरी माणिक्यम: ओरु पाथिरकोलापथकथिन्ते कथा’ आदि शामिल हैं।
उन्होंने अडूर गोपालकृष्णन, के. जी. जॉर्ज और टी. वी. चंद्रन जैसे ख्यात निर्देशकों के साथ काम किया है। इसके अलावा आई. वी. शशि, जोशी, रंजीत और अनवर रशीद जैसे लोकप्रिय निर्देशकों के साथ भी उनकी सफल जोड़ी रही है।
ममूटी ने वर्ष 1971 में आई फिल्म ‘अनुभवंगल पालिचाकल’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव