Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

सत्य निकेतन हादसे की जिम्मेदारी लें रेखा गुप्ता, दोषियों पर कार्रवाई हो: कांग्रेस

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दक्षिण परिसर के निकट सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा सरकार पर आंख में धूल झोंकने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

पार्टी की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने यह मांग भी की कि दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के लिए छात्रावास बनाए जाएं, अवैध रूप से संचालित छात्रावासों और पीजी को बंद किया जाए तथा छात्रावासों और पीजी के लिए किराया नियंत्रण कानून बनाया जाए।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ‘‘एक ओर सत्य निकेतन में इमारत गिरने से छात्र मलबे में दबे हुए थे, जबकि दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय का उद्घाटन कर रहे थे। यह बहुत ही शर्मनाक है।’’

जाखड़ ने आरोप लगाया कि छात्रों को निजी पीजी में रहने के लिए मजबूर किया जाता है, लेकिन वहां सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया जाता।

उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के पास पर्याप्त छात्रावास क्यों नहीं हैं और पिछले 10 वर्षों में डीयू के लिए एक भी छात्रावास क्यों नहीं बनाया गया?

जाखड़ ने सभी पीजी की जांच कराने और उनके संचालन के लिए उचित नियम-कायदे बनाने की भी मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘हादसे के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जिम्मेदारी लें और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।’’

कांग्रेस नेता ने हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की।

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हर जिले में ‘‘पांच सितारा’’ कार्यालय बनवाए हैं, लेकिन उसके शासन में पुल गिरते हैं, सड़कें टूटती हैं और सरकारी इमारतें ढह जाती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनमें छात्रों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा सरकार इन घटनाओं की जिम्मेदारी और जवाबदेही कब लेगी?

कुमार ने आरोप लगाया कि ऐसे हादसों के बाद भाजपा के नेता सिर्फ आंखों में धूल झोंकने में लग जाते हैं। उनका कहना था, ‘‘यह रियल नहीं, रील सरकार है।’’

दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास स्थित सत्य निकेतन में एक इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर सात हो गई।

यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था।

भाषा हक

हक मनीषा

मनीषा