Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

प्रसिद्ध फिल्मकार आर सरथ का तिरुवनंतपुरम में निधन

तिरुवनंपतपुरम, सात सितंबर (भाषा) प्रसिद्ध फिल्मकार आर. सरथ का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। फिल्म उद्योग से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 65 वर्ष के थे।

सरथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में इलाज करा रहे थे।

सरथ ने निर्देशक, पटकथा लेखक और कहानीकार के रूप में मलयालम सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। केरलम के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में उनके योगदान के लिए भी उन्हें जाना जाता था।

उन्होंने ‘सायाह्नम’, ‘स्थिति’, ‘शीलाबति’, ‘बुद्धनुम चैप्लिनुम चिरिक्कुन्नु’, ‘स्वयम’ और ‘पैराडाइज’ सहित कई फिल्मों का निर्देशन किया।

सरथ की फिल्म ‘सायाह्नम’ को इंदिरा गांधी पुरस्कार मिला था। इस फिल्म ने वर्ष 2000 में सात केरलम राज्य फिल्म पुरस्कार भी जीते थे।

उनकी फिल्म ‘द डिजायर - ए जर्नी ऑफ अ वुमन’ ने 2011 में जिनेवा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ नैरेटिव फीचर फिल्म का पुरस्कार जीता था।

उनकी अन्य रचनाओं में ‘अचिंते कथा’, ‘चुमर चित्रंगल’, ‘भूमिक्कोरु चरम गीतम’ और ‘महात्मा गांधी रोड’ जैसी लघु फिल्में शामिल हैं। राजा रवि वर्मा की चित्रकला पर आधारित उनके वृत्तचित्र को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी।

भित्ति चित्रकला पर अपने काम के लिए सरथ को केंद्र सरकार की जूनियर फेलोशिप से सम्मानित किया गया था।

भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित उनकी फिल्म ‘बरीअल ऑफ ड्रीम्स’ ने भी राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था।

कोल्लम जिले के विलक्कुडी में जन्मे सरथ ने तिरुवनंतपुरम के महात्मा गांधी कॉलेज से अंग्रेजी में स्नातक की पढ़ाई पूरी की और यूनिवर्सिटी कॉलेज से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से ‘फिल्म एप्रिसिएशन’ का पाठ्यक्रम किया।

सरकारी सेवा में आने से पहले उन्होंने ‘केरल कौमुदी’ में पत्रकार के रूप में काम किया। वह 2021 में केरलम सरकार के जनसंपर्क विभाग में उप निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए।

सरथ के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं।

‘एफईएफकेए डायरेक्टर्स यूनियन’ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव