Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

सात सितंबर : दिल्ली उच्च न्यायालय में सूटकेस में रखे बम में विस्फोट

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय के गेट नंबर पांच के बाहर सात सितंबर 2011 को सूटकेस में रखे बम में हुए विस्फोट में 17 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 76 लोग घायल हुए थे। यह आतंकवादी घटना थी। धमाके की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन हरकत उल जिहाद अल इस्लामी (हूजी) ने ली थी।

वर्ष 2011 की इस आतंकवादी घटना के बाद सात सितंबर की तारीख एक दर्दनाक याद के रूप में इतिहास में दर्ज हो गई।

सात सितंबर की तारीख भारत के लिए एक ऐतिहासिक अंतरिक्ष उपलब्धि के तौर पर दर्ज हो सकती थी, जब भारत ने 2019 में अपने ‘चंद्रयान-2’ अभियान के तहत लैंडर ‘विक्रम’ को चांद पर उतारने का प्रयास किया था, लेकिन चांद की सतह से सिर्फ 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर लैंडर का जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया। इसके साथ ही इसरो के वैज्ञानिकों की कई वर्ष की मेहनत पर पानी फिर गया और पूरे देश में मायूसी छा गई।

इससे पहले सात सितंबर 1999 को यूनान की राजधानी एथेंस में 5.9 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में 143 लोगों की जान चली गई, 500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए और लगभग 50,000 लोग बेघर हो गए थे।

देश-दुनिया के इतिहास में सात सितंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1812 : नेपोलियन ने रूसी सेना को हराया।

1822 : ब्राजील ने पुर्तगाल से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।

1906 : बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना।

1921 : मिस अमेरिका प्रतियोगिता की शुरुआत की गई।

1923 : विएना में इंटरपोल की स्थापना।

1927 : फिलियो टेलर ने पूर्णतः इलेक्ट्रॉनिक टीवी बनाने में सफलता हासिल की।

1931 : लंदन में गोलमेज सम्मेलन का दूसरा सत्र शुरू।

1940 : दूसरे विश्‍व युद्ध के दौरान जर्मनी ने अपनी वायुसेना के जरिए ब्रिटेन के शहरों पर बमबारी शुरू की।

1963 : अशोक चक्र विजेता विमान परिचारिका नीरजा भनोट का जन्म। नीरजा ने एक अपहृत विमान के यात्रियों को बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी थी।

1986 : बिशप डेसमंड टूटू केपटाउन के पहले अश्वेत आर्चबिशप बने।

1995 : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने स्पेस शटल एंडेवर को कैनेडी स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया। यह नासा की 100वीं सफल मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान थी, जो 'वेक शील्ड फैसिलिटी' की दूसरी उड़ान बनी।

1999 : यूनान की राजधानी एथेंस में 5.9 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें 143 लोगों की जान चली गई, 500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए और लगभग 50,000 लोग बेघर हो गए थे।

2007 : राजस्थान के देसूरी नाल (राजसमंद-पाली क्षेत्र) में तीर्थयात्रियों से भरा एक ओवरलोडेड ट्रक लगभग 80 फुट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

2008 : भारत-अमेरिका परमाणु करार के तहत एनएसजी के 45 सदस्यों ने भारत को अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से परमाणु व्यापार की छूट दी।

2010 : पाकिस्तान के कोहाट शहर में पुलिस मुख्यालय पर हुए एक आत्मघाती कार बम विस्फोट में 20 लोगों की मौत हो गई थी और 40 से अधिक लोग घायल हुए थे।

2011 : दिल्ली उच्च न्यायालय के गेट नंबर पांच के बाहर बम विस्फोट में 17 लोगों की मौत, 76 अन्य घायल।

2012 : दक्षिण-पश्चिम चीन (यूनान और गुइझोउ प्रांत की सीमा) में आए सिलसिलेवार भूकंपों में 81 लोगों की मौत हुई थी, लगभग 800 लोग घायल हुए थे और करीब 7,400,000 (74 लाख) लोग प्रभावित हुए थे।

2017 : दक्षिणी मैक्सिको में 8.2 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया, जिसमें 98 से अधिक लोगों की जान चली गई और सैकड़ों लोग घायल हुए।

2019 : भारत का चंद्रयान-2 अभियान असफल, लैंडर ‘विक्रम’ का चांद पर उतरने से ठीक पहले पृथ्वी के नियंत्रण केन्द्र से संपर्क टूटा।

2023 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश के पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य-एल1’ में लगे कैमरे द्वारा ली गईं अंतरिक्ष यान की पहली 'सेल्फी' और पृथ्वी तथा चंद्रमा की तस्वीरें जारी कीं।

2024 : बोइंग का ‘स्टारलाइनर’ यान अंतरिक्ष यात्रियों सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के बिना धरती पर लौटा। ‘स्टारलाइनर’ ने लंबे इंतजार के बाद जून में अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन यान के ‘थ्रस्टर’ में समस्या आने और हीलियम लीक होने के कारण वह अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने में नाकाम रहा। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरिक्ष में 286 दिन बिताने के बाद 18 मार्च 2025 को ‘स्पेसएक्स’ यान से सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे। इस तरह उनका आठ दिन का अंतरिक्ष मिशन नौ माह से अधिक का हो गया।

2025 : उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया में बोको हराम के आतंकवादियों ने एक गांव पर 60 लोगों की हत्या की।

भाषा मनीषा

मनीषा