नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा और मलबे से अब तक कुल 11 लोगों को निकाला गया है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने एक बयान में बताया कि सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना के बाद 11 लोगों को उसके जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया।
बयान के मुताबिक, ‘‘इन 11 लोगों में पांच को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि गंभीर हालत में लाए गए एक अन्य व्यक्ति ने बाद में दम तोड़ दिया। तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है। एक व्यक्ति के एक अंग का ऑपरेशन किया गया है। मामूली रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को निगरानी में रखने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।’’
दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यह ढह गई।
‘पेइंग गेस्ट’ वह व्यक्ति होता है जो किसी मकान या आवास में किराया देकर रहता है, जहां अक्सर भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) समेत कई एजेंसियां रातभर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा, ‘‘रात में एक और व्यक्ति को मलबे से निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।’’
उन्होंने बताया कि घटना से कथित तौर पर जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने इमारत के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
भाषा
सिम्मी वैभव
वैभव