Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

हिंडन नदी में नाव की रस्सी टूटने से दो युवक डूबे, एक का शव बरामद

ग्रेटर नोएडा, सात सितंबर (भाषा) बिसरख थाना क्षेत्र के यूसुफपुर चक शाहबेरी गांव के पास नाव में रस्सी बांधने के दौरान हिंडन नदी में डूबे दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और दमकल की टीम नदी में तलाश अभियान चला रही हैं।

बिसरख थाने के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बुलंदशहर निवासी 19 वर्षीय शिवा राजपूत और 20 वर्षीय सौरभ वर्तमान में यूसुफपुर चक शाहबेरी में रह रहे थे। दोनों युवक हिंडन नदी में नाव चलाने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के दोनों युवक नाव को रस्सी से बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई और दोनों गहरे पानी में गिरकर डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू करायी। बाद में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और दमकल की टीम को भी बुलाया गया।

गोताखोरों की मदद से रविवार देर रात तक दोनों युवकों की तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चला। सोमवार सुबह कुलेसरा के पास सौरभ का शव बरामद कर लिया गया। शिवा की तलाश अभी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, पुराना हैबतपुर के पास लोग नाव के जरिये हिंडन नदी पार कर दूसरी ओर जाते हैं।

भाषा सं. गोला

गोला