Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

मेक्सिको में आतिशबाजी सामग्री में विस्फोट, कम से कम 10 लोगों की मौत, 64 घायल

तेमास्कालसिंगो (मेक्सिको), सात सितंबर (एपी) मेक्सिको राज्य के एक कस्बे में एक धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल की गई सामग्री में विस्फोट होने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई एवं 64 अन्य घायल हो गए। मेक्सिको के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह विस्फोट शनिवार रात मध्य मेक्सिको के तेमास्कालसिंगो में ‘नुएस्त्रा सेनोरा दे ला लूज’ गिरजाघर के पास हुआ। इस नगरपालिका की आबादी करीब 66,000 है।

सैकड़ों लोग धार्मिक उत्सव में आतिशबाजी देखने के लिए एकत्र हुए थे कि तभी यह विस्फोट हो गया।

तेमास्कालसिंगो, मेक्सिको सिटी से करीब 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।

विस्फोट के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मेक्सिको राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक स्थानीय बिशप ने बताया कि घायलों में दो पादरी भी शामिल हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विस्फोट के बाद का दृश्य दिखाई दे रहा है जिसमें दर्जनों लोग धुएं और मलबे के बीच जीवित लोगों की तलाश करते नजर आ रहे हैं।

मेक्सिको में धार्मिक उत्सवों एवं जश्न में अक्सर आतिशबाजी की जाती है और इस दौरान विस्फोट की घटनाएं होना आम है। करीब चार साल पहले मध्यवर्ती हिदाल्गो राज्य के हुएहुतला नगरपालिका के एक गांव में आतिशबाजी के दौरान हुए शक्तिशाली विस्फोट में 17 लोग घायल हो गए थे।

एपी सिम्मी गोला

गोला