Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

ओडिशा भाजपा की कार्यकारिणी बैठक में कांग्रेस और बीजद के खिलाफ प्रस्ताव पारित

भुवनेश्वर, छह सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई ने रविवार को कटक में अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में देश के ताजा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने, वंदे मातरम् का ‘‘अनादर’’ करने और महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने को लेकर कांग्रेस की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया।

प्रस्ताव में भाजपा ने विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी निंदा की।

बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पुरी से सांसद संबित पात्रा ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में देश की जीडीपी 7.8 प्रतिशत रहने के बावजूद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर ‘‘विभाजनकारी ताकतों’’ के साथ मिलकर राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया।

भाजपा ने कांग्रेस पर वंदे मातरम् के कथित अनादर, महिला आरक्षण विधेयक के विरोध और विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) पर उसके रुख को लेकर भी निशाना साधा तथा इन रुख को ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ और ‘‘महिला-विरोधी’’ मानसिकता बताया।

भाजपा ने बीजद के राज्यव्यापी अभियान की आलोचना करते हुए कांग्रेस को उसका ‘‘बी-टीम’’ बताया और आरोप लगाया कि दोनों दल विभिन्न मुद्दों पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी की मूल भावना लोगों की सेवा करना है और आगामी पंचायत एवं निकाय चुनाव में भी कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर जोर देना चाहिए।

बीजद नेता दिव्य शंकर मिश्रा ने भाजपा के प्रस्ताव की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्तारूढ़ दल को व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आलोचना स्वीकार करनी चाहिए।

भाषा राखी सुरभि

सुरभि