Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

स्वतंत्र भारद्वाज अपराधी है, भाजपा समर्थकों को भी उससे चिंता होनी चाहिए: नेहा बोरा

पटना, छह सितंबर (भाषा) ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने रविवार को आरोप लगाया कि हिंदुत्व ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज एक ‘अपराधी’ है, जिसके बेफिक्र रवैये से ‘भाजपा समर्थकों’ को भी चिंता होनी चाहिए।

बोरा भारद्वाज के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब दे रही थीं। भारद्वाज को एक छात्र प्रदर्शनकारी के पिता पर हमले के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है।

बोरा नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर तीन हफ़्ते तक चले अनशन में शामिल थीं।

छात्र नेता ने कहा, ‘‘भारद्वाज का पछतावा न करना देश के हालात पर एक बड़ी टिप्पणी है। लोगों के बीच यह धारणा बन गई है कि अगर आप सत्ताधारी दल के साथ हैं, तो आप कोई भी गलत काम करके बच सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपको इस फर्क पर ध्यान देना चाहिए। भारद्वाज जैसे अपराधी को तभी गिरफ़्तार किया गया जब 'कॉकरोच जनता पार्टी' के धरने ने दिल्ली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मजबूर किया। दूसरी ओर, दिल्ली में दो मुस्लिम पत्रकारों को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के एक कार्यक्रम में सवाल पूछने पर ही पुलिस ने पीट दिया।’’

खास बात यह है कि भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक ‘पॉडकास्ट’ में डींग मारी थी कि उसने दलित छात्र कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता का ‘सिर फोड़ दिया’ था। निशु आजाद ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के बाद भारद्वाज के समर्थकों ने उनके घर पर पत्थर और ईंटें फेंकी थीं।

बोरा ने कहा, ‘‘धमकी सिर्फ निशु को ही नहीं दी जा रही है। गुंडे भाजपा समर्थकों को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि अगर उनके बच्चे किसी भी मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछने की हिम्मत करते हैं, तो उनका भी यही हश्र होगा। अब सत्ताधारी दल के समर्थकों को अपनी राजनीतिक पसंद पर विचार करना चाहिए।’’

वामपंथी छात्र नेता ने भारद्वाज के उस दावे पर भी तंज कसा कि वह केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और भाजपा नेता कपिल मिश्रा का करीबी है।

बोरा ने कहा, ‘‘अब इन दोनों सम्मानित नेताओं को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। अगर वे अपराधी स्वतंत्र भारद्वाज से दूरी नहीं बनाते हैं तो यह माना जाएगा कि वे भी खुद को उसी श्रेणी में मानते हैं।’’

पासवान ने आरोप लगाया है कि भारद्वाज उनके नाम का ‘‘गलत इस्तेमाल’’ कर रहा है। उन्होंने आज़ाद को न्याय दिलाने की कोशिश में मदद करने का वादा किया है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश