Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

आईपीएल से टकराव से बचने के लिए 2027 में जनवरी में हो सकता है पीएसएल

कराची, छह सितंबर (भाषा) अगले साल की पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) जनवरी में आयोजित की जा सकती है क्योंकि इस टी20 टूर्नामेंट के मीडिया अधिकार धारकों ने अप्रैल-मई की अवधि में भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन के कारण सीमित विज्ञापन राजस्व मिलने की शिकायत की है।

इस साल भी पीएसएल का आयोजन आईपीएल के साथ टकराया था और अगले साल की शुरुआत में टूर्नामेंट कराने का सुझाव एक सितंबर को लंदन में हुई पीएसएल संचालन परिषद की बैठक में दिया गया।

एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार मीडिया अधिकार धारक ‘वाली टेक्नोलॉजीज’ ने पीएसएल को जनवरी-फरवरी में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है जो आठ टीम वाली पीएसएल में एक फ्रेंचाइजी की मालिक भी है।

पीएसएल 2016 में शुरुआत के बाद से आमतौर पर फरवरी-मार्च की अवधि में आयोजित होती रही है। लेकिन 2025 और इस साल इसी अवधि में आईसीसी के टूर्नामेंट के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लीग को अप्रैल-मई में स्थानांतरित करना पड़ा जिसके चलते इसका आईपीएल के साथ टकराव हुआ।

फ्रेंचाइजी मालिकों ने पाकिस्तान के सभी प्रारूपों में खराब प्रदर्शन के बीच पीएसएल में दर्शकों की घटती रुचि को लेकर भी चिंता जताई है।

घटनाक्रम से जुड़े सूत्र ने बताया कि मीडिया अधिकार धारकों ने स्पष्ट कर दिया है कि अलग-अलग कारणों से अप्रैल-मई की अवधि सुरक्षा, विज्ञापन और प्रायोजन के लिहाज से अनुकूल नहीं है।

पीएसएल और फ्रेंचाइजी के बीच मौजूदा समझौते के तहत आठ टीमों को केंद्रीय राजस्व पूल से मिलने वाली प्रसारण आय का 95 प्रतिशत हिस्सा मिलता है।

सूत्र ने बताया कि बैठक में एक प्रस्ताव यह भी रखा गया कि पीएसएल की शुरुआत कराची से की जाए, जहां साल की शुरुआत में सर्दियों का मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहता है। इसके बाद टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ पंजाब और पेशावर में मुकाबले आयोजित किए जाएं जब मौसम इतना ठंडा नहीं हो।

पाकिस्तान के पास फिलहाल नवंबर के मध्य से मार्च तक एक स्पष्ट अंतरराष्ट्रीय विंडो है जिसमें घरेलू या विदेशी कोई सीरीज निर्धारित नहीं है।

‘वाली टेक्नोलॉजीज’ के पास 2029 तक पीएसएल के घरेलू प्रसारण और डिजिटल अधिकार हैं। कंपनी के पास 2026 चरण के अंतरराष्ट्रीय मीडिया अधिकार भी हैं।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर