Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

हरियाणा: गुरुग्राम यातायात पुलिस ने 3.83 लाख रुपये के 58 लंबित चालान वाली मोटरसाइकिल जब्त की

गुरुग्राम, छह सितंबर (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम यातायात पुलिस ने रविवार को एक मोटरसाइकिल जब्त की, जिसपर 58 चालान बकाया थे और जुर्माने की राशि 3.83 लाख रुपये थी।

यातायात पुलिस ने बताया कि सुपरमार्ट के पास वाहन जांच अभियान के दौरान यह मोटरसाइकिल जब्त की गई।

यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यातायात पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चला रही है और उन वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई कर रही है, जिन्होंने लंबे समय से लंबित चालान का भुगतान नहीं किया है।

रविवार को चलाए गए अभियान के दौरान, जोनल अधिकारी सुपरमार्ट सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार और उनकी टीम ने एक मोटरसाइकिल को रोका और चालक से उसके दस्तावेज दिखाने को कहा। अधिकारी ने बताया कि चालक ऐसा करने में नाकाम रहा।

जांच में पता चला कि मोटर वाहन अधिनियम के अलग-अलग प्रावधानों के तहत उस मोटरसाइकिल के खिलाफ 58 चालान काटे गए थे और कुल जुर्माना राशि 3,83,000 रुपये थी।

अधिकतर चालान मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बिना हेलमेट के किसी को बिठाने, बिना वैध बीमा के गाड़ी चलाने और वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र न होने जैसे अपराधों के लिए काटे गए, साथ ही यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन के लिए भी चालान काटे गए थे।

अधिकारी ने बताया कि बाद में मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया और एक निर्दिष्ट स्थान पर रखा गया।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश