बेंगलुरु, छह सितंबर (भाषा) लंदन के लिए रवाना हुए वर्जिन अटलांटिक के विमान को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण यहां के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केआईएबी)पर ‘आपात’ स्थिति में उतरना पड़ा। विमान में 270 यात्री सवार थे। हवाई अड्डे के संचालक बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि विमान ने सुबह करीब 8:20 बजे हवाई अड्डे से उड़ान भरी, लेकिन कथित तौर पर उड़ान भरने के तुरंत बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से तुमकुरु के नजदीक विमान ने आधे घंटे से अधिक समय तक चक्कर लगाया और फिर एहतियातन उसे बेंगलुरु हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। उन्होंने बताया कि ‘‘विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।’’
तकनीकी खराबी की वजह से जुड़ी विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है और अधिकारी घटना के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
वर्जिन अटलांटिक के प्रवक्ता ने बताया कि बेंगलुरु से लंदन के हीथ्रो जाने वाली उड़ान वीएस 317 रवाना होने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी के कारण बेंगलुरु लौट आई।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘एहतियात के तौर पर विमान को सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर उतारा गया और बाद में उड़ान रद्द कर दी गई।’’
विमानन कंपनी ने कहा कि अपने ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा और संरक्षा हमेशा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कंपनी ने कहा, ‘‘हम अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। हमारी टीम प्रभावित यात्रियों की मदद कर रही है और उन्हें यथाशीघ्र दूसरे विमानों से उनके गंतव्य पर पहुंचाने के प्रयास किये जा रहे हैं।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश