Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

राजनाथ सिंह तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार से श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह के साथ रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आठ से 10 सितंबर तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।’’

मंत्रालय ने कहा कि सिंह श्रीलंका के नेतृत्व के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे और कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।

इसने कहा, ‘‘भारत और श्रीलंका के बीच गहरे सभ्यतागत संबंध और बहुआयामी साझेदारी है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा, आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित है।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री की श्रीलंका यात्रा से मजबूत समुद्री और रक्षा साझेदारी समेत पारस्परिक हित वाले क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच पारंपरिक रूप से मजबूत एवं मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी।’’

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल