Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

उप्र: सरयू नदी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत

गोंडा, छह सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार को सरयू नदी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दोनों के शव नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गये।

कर्नलगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आनंद कुमार राय ने बताया कि परसपुर थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी अरुण कुमार तिवारी की बेटियां सुप्रिया तिवारी (15) और सुहानी तिवारी (तीन) रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे भौरीगंज स्थित रामजानकी मंदिर के पास सरयू नदी में मछलियों को दाना डालने गई थीं।

उन्होंने बताया कि नदी घाट की सीढ़ियों के पास बनी दीवार से पैर फिसलने के कारण दोनों बहनें नदी में गिर गईं और डूब गईं।

अधिकारी ने बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

राय ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दोनों बहनों को नदी से बाहर निकलवाया और इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें परसपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां अधीक्षक डॉ. लवकेश शुक्ल ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

परसपुर के थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

राजस्व निरीक्षक अमरजीत सिंह और लेखपाल वासुदेव यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर दैवीय आपदा के तहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला आपदा विभाग को भेज दी गई है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र