Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढही; लोग बचाए गए, तलाश अभियान जारी

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि दमकल की आठ गाड़ियां और विभिन्न विभागों की कई बचाव टीम मौके पर भेजी गई हैं।

पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आपातकालीन कर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने तत्काल बचाव कार्य में मदद शुरू कर दी और मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए हाथों और उपलब्ध उपकरणों की मदद से मलबा हटाया।

डीएफएस के अनुसार, दमकलकर्मियों ने मलबे से कुछ लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।

हालांकि, मलबे में फंसे, बचाए गए या घायल लोगों की संख्या के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढही इमारत की प्रकृति को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। कुछ स्थानीय लोगों ने इसे मकान बताया, जबकि कुछ अन्य के अनुसार इसका इस्तेमाल छात्रावास के रूप में किया जा रहा था।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने आशंका जताई कि मलबे में 15 से अधिक लोग फंसे हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, यह चार मंजिला इमारत थी।

घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में मलबे के नीचे एक व्यक्ति का पैर फंसा दिखाई दिया। दमकलकर्मी उस व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए मलबा हटा रहे हैं।

फिलहाल, दिल्ली पुलिस की ओर से घटना या इमारत ढहने के कारणों के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

अग्निशमन विभाग यह पता लगाने के लिए भी अभियान चला रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति मलबे के अंदर तो नहीं फंसा है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

पुलिस मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य से बार-बार घटनास्थल से दूर रहने की अपील कर रही है।

भाषा अमित संतोष

संतोष