Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

नेपाल पुलिस ने बाढ़ के बाद मिले कीमती सामान को अपने पास रखने, बेचने के खिलाफ चेतावनी दी

काठमांडू, छह सितंबर (भाषा) नेपाल पुलिस ने रविवार को लोगों से अपील की कि 26 अगस्त की बाढ़ के बाद यदि उन्हें सोना, चांदी, नकदी या कोई अन्य कीमती सामान मिलता है तो वे उसे अपने पास रखने, बेचने या बांटने के बजाय नजदीकी पुलिस कार्यालय में जमा कराएं।

पुलिस ने कहा कि ऐसी संपत्ति या महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने पर लोगों को अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए और उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने में मदद करनी चाहिए। इसने चेतावनी दी कि ऐसी वस्तुओं का इस्तेमाल करना, उन्हें छिपाना, अपने पास रखना या उनकी खरीद-बिक्री करना अपराध की श्रेणी में आ सकता है और इसके लिए कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने रविवार की इस चेतावनी को किसी खास घटना से सीधे नहीं जोड़ा, लेकिन यह अपील हाल में धादिंग जिले में हुई उस घटना के बाद की गई है, जिसमें बाढ़ में बहकर पहुंची एक बैंक की तिजोरी को कथित तौर पर तोड़कर उसमें से नकदी निकालने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

‘कांतिपुर’ समाचार पोर्टल के अनुसार, यह तिजोरी गल्छी ग्रामीण नगरपालिका के बेलखुखोला में त्रिशूली नदी के किनारे मिली थी।

नेपाल पुलिस ने साथ ही कहा कि आपदा के दौरान जब सुरक्षाकर्मी तलाश एवं बचाव अभियानों में व्यस्त होते हैं तो चोरी, लूटपाट और धोखाधड़ी की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है।

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को चट्टानों के खिसकने एवं हिमस्खलन होने से अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई।

बाढ़ में 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 5,000 लोग अब भी लापता हैं।

भाषा सिम्मी सुरेश

सुरेश