कोलकाता, छह सितंबर (भाषा) उत्तरी कोलकाता के चितपुर इलाके में रविवार को एक गोदाम में आग लग गई। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले नवाबपट्टी इलाके में स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर मिली।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों को काम पर लगाया गया, जिस पर दोपहर करीब डेढ़ बजे तक नियंत्रण पा लिया गया।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि गोदाम के भूतल पर रसायन रखे हुए थे, जबकि पहली मंजिल पर कपड़े रखे थे।
अधिकारियों ने बताया कि आपदा प्रबंधन समूह के कर्मियों को भी तैनात किया गया, जिन्होंने यह पता लगाने के लिए गोदाम के तालों को गैस कटर से काटा कि अंदर कोई फंसा तो नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि गोदाम के पास खड़ी एक गाड़ी भी आग में आंशिक रूप से जल गई।
भाषा
खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल