Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

खंभे से टकरायी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल, दो युवकों की मौत

मऊ (उप्र), छह सितंबर (भाषा) मऊ जिले में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के बिजली के खंभे से टकराने से दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने लगभग ढाई घंटे तक रास्ता जाम किया।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार देर रात कोपागंज थाना क्षेत्र में पुरा घाट-बरलाई मार्ग पर आकाश (22) और नितेश (20) की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर एक खंभे से जा टकरायी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे दोनों शव पड़े देखे तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये और उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए सुबह सात बजे से करीब ढाई घंटे तक रास्ता जाम रखा।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद जाम खुल सका।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के पास लगे बिजली के खंभे अक्सर हादसों का कारण बनते हैं। उन्होंने इन खंभों को हटाकर दूसरी जगह लगाने की मांग की।

घोसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कई टीम तैनात की गईं हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सं. सलीम नेत्रपाल शोभना

शोभना