देहरादून, पांच सितंबर (भाषा) देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी सहित विभिन्न अपराधों में संलिप्त 10 अपराधियों समेत कुल 13 व्यक्तियों की अवैध संपत्तियों को शनिवार को ढहा दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सहसपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि ये सभी 10 अपराधी मादक पदार्थों की तस्करी, गौकशी व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और पुलिस द्वारा पूर्व में उनके खिलाफ गुंडा अधिनियम तथा गैंगस्टर अधिनियम में कार्रवाई की गयी है।
उन्होंने बताया कि इन 10 अपराधियों में से कई के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कुमार ने बताया कि सहसपुर क्षेत्र के खुशहालपुर व जस्सोवाला गांवों में पुलिस तथा प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर उन पर बनाए गए भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान 13 व्यक्तियों के सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए उनके मकानों तथा अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
कुमार ने बताया कि इन व्यक्तियों में खुशहालपुर के सात और जस्सोवाला गांव के तीन अपराधी भी शामिल हैं।
खुशहालपुर गांव में आमिर, मेहराज, सलमान, दिलशाद, मोहसिन, फैजान, कौसर तथा जस्सोवाला में बिरजू और उसका भाई सूरज एवं सोहिन की अवैध संपत्तियों को ढहाया गया।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि नशे के काले कारोबार में लिप्त आरोपियों के द्वारा अवैध रूप से अर्जित और निर्मित संपत्तियों को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी है।
भाषा दीप्ति शफीक
शफीक