Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

प्रेम-प्रस्ताव ठुकराए जाने से खफा युवक ने लड़की के भाई का अपहरण किया, पुलिस के पीछा करने पर जहर खाया

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) दिल्ली में एक युवक ने शादी से इनकार करने पर लड़की के 11 वर्षीय भाई का कथित तौर पर अपहरण कर लिया और धमकी दी कि अगर लड़की ने उससे शादी नहीं की तो वह बच्चे को मार देगा। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों द्वारा 22 किलोमीटर तक पीछा किए जाने के दौरान आरोपी युवक ने जहर खा लिया जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी धर्मपाल उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले का रहने वाला है और उसे बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां वह पुलिस हिरासत में है।

पुलिस के अनुसार, लड़की का भाई 31 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा और शुक्रवार को उसे आजादपुर फ्लाईओवर के पास मुक्त कराया गया।

पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के लोनी से दिल्ली तक करीब 22 किलोमीटर तक पीछा किए जाने के बाद आरोपी को पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को बस से पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि धर्मपाल लड़के की बहन से शादी करना चाहता था लेकिन लड़की इसके लिए तैयार नहीं थी।

उसने बताया कि आरोपी ने परिवार पर दबाव बनाने के लिए लड़की के छोटे भाई का अपहरण किया था।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने एक अज्ञात नंबर से बच्चे की मां को फोन किया, अपनी पहचान बताई और धमकी दी कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं की गई और लड़की को उसके पास नहीं भेजा गया तो वह बच्चे को जान से मार देगा। जहांगीरपुरी थाने को 31 अगस्त को बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी, इसके बाद परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश