Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

केरलम: दुर्घटना में घायल हुए लोगों को मौके पर छोड़कर चले जाने के आरोप में चार पुलिसकर्मी निलंबित

त्रिशूर, पांच सितंबर (भाषा) केरलम के त्रिशूर जिले के पुडुक्कड़ में पुलिस विभाग के वाहन से टक्कर के बाद घायल हुए लोगों को घटनास्थल पर छोड़कर चले जाने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद त्रिशूर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) टी. नारायणन ने पुडुक्कड़ थाने में तैनात उपनिरीक्षक महेश और सिविल पुलिस अधिकारियों माइकल, यदुकृष्णन तथा नवीन कुमार को निलंबित करने का आदेश दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना 19 जुलाई को हुई थी।

उन्होंने बताया कि सड़क किनारे एक भोजनालय में झगड़ा होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और घटना में कथित रूप से शामिल लोगों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया था।

अधिकारियों के अनुसार, जब पुलिसकर्मी अभिषेक नाम के एक संदिग्ध व्यक्ति का पीछा कर रहे थे, तभी पुलिस जीप ने उस मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसपर वह और उसका दोस्त सवार थे।

उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी घायलों को घटनास्थल पर ही कथित रूप से छोड़कर वहां से चले गए।

उन्होंने बताया कि बाद में स्थानीय लोगों ने अभिषेक और उसके दोस्त को अस्पताल पहुंचाया।

इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद अधिकारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश