Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

भारी बारिश से आईजीआई हवाई अड्डे के पास जलभराव, ब्रिक्स सम्मेलन से पहले खुली समन्वय की पोल

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार दोपहर हुई भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के आसपास के इलाके सहित शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए।

इसने राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की संभावित कमी को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, खासकर तब जब अगले सप्ताह ब्रिक्सशिखर सम्मेलन होने वाला है।

राष्ट्रीय राजधानी 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की तैयारी कर रही है। भारी बारिश के बाद, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का द्वारका अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया था।

यह अंडरपास एक तरफ पालम क्षेत्र और दूसरी तरफ आईजीआई घरेलू क्षेत्र को जोड़ता है।

पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने पानी निकालने के लिए इन स्थानों पर अस्थायी पंप तैनात किए। अंडरपास का जलग्रहण क्षेत्र बड़ा है, और पास के महरामपुर क्षेत्र में बाढ़ आने के कारण सुरंग में जलभराव हो गया था, जिसे (पानी) बाद में निकाल दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस अंडरपास में थोड़े समय के लिए एक डीटीसी बस फंस गई थी; हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद पानी निकाल दिया गया।’’

हालांकि, केवल यही क्षेत्र जलमग्न नहीं था; बल्कि महिपालपुर, महरौली और वसंत कुंज को जोड़ने वाला एक अन्य अंडरपास भी पूरी तरह पानी से भर गया था।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने दावा किया कि आईजीआई हवाई अड्डे के आसपास जलभराव का सामना करने वाले अन्य क्षेत्र अन्य एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा, 'अन्य अंडरपास और सड़कें डायल और एनएचएआई एजेंसियों की हैं, पीडब्ल्यूडी की नहीं।'

भाषा सुरेश रंजन

रंजन