कोच्चि, चार सितंबर (भाषा) केरलम के कनयन्नूर भूमि अभिलेख कार्यालय के अधिकारियों से जुड़े 10 लाख रुपये के रिश्वत मामले में कथित तौर पर बिचौलिए की भूमिका निभाने के आरोप में एक सेवानिवृत्त उप जिलाधिकारी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कृपा एन. के. (59) को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने शाम करीब पांच बजे गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी “प्रोजेक्ट जीरो” के तहत की गई, जिसका उद्देश्य भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों और उनकी ओर से बिचौलियों की भूमिका निभाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है।
सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने 13 अगस्त को जाल बिछाकर की गई कार्रवाई में कनयन्नूर भूमि अभिलेख कार्यालय के तहसीलदार जोसेफ एंटनी हर्टिस और बिचौलियों राजेश एन. एस. तथा जोसेफ शिबिन को गिरफ्तार किया था।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई कथित तौर पर 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के मामले में की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांचकर्ताओं ने उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
वीएसीबी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को मुवाट्टुपुझा स्थित सतर्कता अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा तान्या रंजन
रंजन