भुवनेश्वर, चार सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को पुलिस से कानून-व्यवस्था के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया और कहा कि 'विकसित ओडिशा' के निर्माण और राज्य में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए यह जरूरी है।
माझी ने 336 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों (जिनमें 70 महिलाएं शामिल हैं) के प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए युवा अधिकारियों से अपने पूरे सेवाकाल में तीन सिद्धांतों का पालन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अधिकारी भ्रष्टाचार से दूर रहें, अनुशासन के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखें और वर्दी की ताकत का कभी दुरुपयोग न करें।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2029 तक ओडिशा को 'नशा मुक्त राज्य' बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में पुलिस की अहम भूमिका है।
उन्होंने वर्दी वाली सेवा में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया और अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल न करें, साथ ही यह सुनिश्चित करें कि निर्दोष लोगों की सुरक्षा हो और अपराधियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन