नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में तीन वाहनों में सवार कुछ लोगों ने दो पुरुषों पर कथित तौर पर हमला किया और उन्हें जबरन अपने साथ उठाकर ले गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में बृहस्पतिवार को अशोक विहार पुलिस थाने को सूचित किया गया, जिसके बाद एक पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता उदित कुमार (26) ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह अपने दोस्त नितिन के साथ एक पशु अस्पताल के पास मौजूद था, तभी कई लोगों ने नितिन को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि जब कुमार ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और धमकी दी, जिसके बाद वे दोनों को एक वाहन में बैठाकर ले गए।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में दोनों को गुजरांवाला टाउन स्थित विनायक अस्पताल के पास छोड़ दिया गया।
घायल हुए दोनों व्यक्तियों की दीपचंद बंधु अस्पताल में चिकित्सीय जांच कराई गई।
अशोक विहार थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान और भूमिका का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा सुमित रंजन
रंजन
रंजन