कोहिमा, चार सितंबर (भाषा) नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने शुक्रवार को नगा राजनीतिक समूहों से एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि उनके लगातार बंटे रहने से नागा मुद्दे के जल्द राजनीतिक समाधान की मांग कमजोर हो सकती है।
यहां 'अंगामी पब्लिक ऑर्गनाइजेशन' (एपीओ) के आम सम्मेलन को संबोधित करते हुए रियो ने कहा कि वर्तमान में 32 नगा राजनीतिक समूह हैं और सभी नगा राजनीतिक मुद्दे को अपना कारण बताते हैं।
उन्होंने कहा कि इन समूहों के बीच विभाजन आंतरिक समस्याओं के कारण पैदा हुआ है और नागा नागरिक समाज में भी एकता की कमी दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि लोगों की ओर से एकता के लिए बार-बार की गई अपीलों पर ध्यान नहीं दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागा समुदाय भारत के चार राज्यों में बंटा हुआ है और म्यांमा में भी फैला हुआ है।
रियो ने इस बात पर जोर दिया कि लंबे समय की राजनीतिक आकांक्षा को पूरा करने के लिए नगा एकता जरूरी है। उन्होंने एक ऐसे 'पैन-नागा' संगठन की जरूरत पर भी जोर दिया जो समुदाय के सभी सदस्यों को एक साथ ला सके।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन