Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मकान खाली कराने के विवाद में मकान मालिक की हत्या, किराएदार गिरफ्तार

जयपुर, चार सितंबर (भाषा) जयपुर के मानसरोवर इलाके में मकान खाली कराने और सिक्योरिटी राशि के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में किराएदार ने एक मकान मालिक की कथित तौर पर पत्थर से वार करके हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश शर्मा (42) के रूप में हुई है।

शर्मा राजस्थान हाउसिंग बोर्ड में कनिष्ठ लेखाकार के पद पर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार आरोपी महेश पिछले तीन साल से अपनी बहन के साथ रजत पथ स्थित दीपक कुलश्रेष्ठ के मकान में किराए पर रह रहा था।

कुलश्रेष्ठ मकान में नया निर्माण शुरू करवाना चाहते थे और इसके लिए शर्मा से कमरा खाली करने को कहा था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि तीन सितंबर को मकान खाली करने के बाद महेश ने सिक्योरिटी राशि के हिसाब-किताब के बहाने दीपक को बुलाया।

बातचीत के दौरान कहासुनी होने पर आरोपी ने कथित तौर पर पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर दीपक के सिर पर कई बार वार किया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद महेश मोबाइल फोन बंद करके मोटरसाइकिल से फरार हो गया और एक रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया।

जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजा है।

पुलिस ने बताया कि शर्मा के माता-पिता की मृत्यु के बाद उसे अनुकंपा के आधार पर राजस्थान हाउसिंग बोर्ड में नौकरी मिली थी। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

भाषा बाकोलिया संतोष

संतोष