(फोटो के साथ)
कोझिकोड (केरलम), चार सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और उनकी 20 सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने राज्य के लिए एक नया दृष्टिकोण तैयार करने के उद्देश्य से आईआईएम कोझिकोड में दो दिवसीय रणनीतिक नेतृत्व बैठक की शुक्रवार को शुरुआत की।
‘रीइमेजिनिंग केरलम’ नामक इस कार्यक्रम में राज्य का राजनीतिक नेतृत्व, भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) कोझिकोड के शिक्षण संकाय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल हुए हैं, ताकि उन मुद्दों पर चर्चा की जा सके जो राज्य के भविष्य को आकार देंगे।
मुख्यमंत्री सतीशन ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कार्यक्रम में शामिल मंत्रियों के वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘कई वर्षों बाद फिर से कक्षा में वापसी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शासन में अधिक पेशेवर दृष्टिकोण और दक्षता लाने के उद्देश्य से ‘रीइमेजिनिंग केरलम’ नामक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को आईआईएम कोझिकोड में शुरू हुआ। यह कार्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में नेतृत्व, जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता और वित्तीय नवाचार समेत शासन से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर केंद्रित है।’’
उद्योग मंत्री पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने पत्रकारों से कहा कि यह इस तरह का उनका दूसरा कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि 2011 में ओमन चांडी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान भी इसी तरह का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम मंत्रियों के बीच समन्वय बेहतर करने में मदद करेगा और ज्ञान तथा अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करेगा।
मंत्री ने कहा, ‘‘आज यहां हमारा एजेंडा ज्ञान और अनुभव साझा करना है। यहां मौजूद हर व्यक्ति के पास खुद भी काफी अनुभव है। इसका उद्देश्य आपसी तौर पर ज्ञान और अनुभव साझा करना है। इसी के अनुसार कार्यक्रम का एजेंडा भी तय किया गया है।’’
कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि मंत्री प्रबंधन कौशल भी सीखेंगे और शासन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा उन्नत तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर विचार करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए तकनीक का किस तरह इस्तेमाल किया जा सकता है? यही इस कार्यक्रम का विषय है। वे हमें अधिक सैद्धांतिक ज्ञान देंगे और हम उनके साथ अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करेंगे। इस तरह आपसी ज्ञान और अनुभव साझा करके एक नया दृष्टिकोण और नयी शुरुआत की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।’’
कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार में ज्यादातर मंत्री पहली बार मंत्री बने हैं, लेकिन उन्हें जनसेवा का अनुभव है। उन्होंने कहा, ‘‘यह उन सभी के लिए एक नया अनुभव होगा।’’
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला, स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन, उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन, श्रम मंत्री बिंदु कृष्णा, आबकारी मंत्री एम. लिजू, पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ और परिवहन मंत्री सी. पी. जॉन ने भी कक्षा में सत्र में शामिल होने की तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
आईआईएम कोझिकोड ने बताया कि इस कार्यक्रम की संकल्पना उसके निदेशक प्रो. देबाशीष चटर्जी और शिक्षण संकाय के सदस्यों ने की है।
संस्थान ने कहा, ‘‘यह बैठक केरल के राजनीतिक नेतृत्व, आईआईएम कोझिकोड के शिक्षण संकाय और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विद्वानों को एक साथ लाती है, ताकि राज्य के भविष्य को आकार देने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर भविष्य की दिशा को ध्यान में रखते हुए संवाद किया जा सके।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश