Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

बीकानेर में वार्ड चुनाव के लिए कांग्रेस चुनाव चिह्न आवंटन में फर्जीवाड़े को लेकर प्राथमिकी दर्ज

बीकानेर (राजस्थान), चार सितंबर (भाषा) बीकानेर के वार्ड 50 में नगर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर जारी विवाद के बीच पार्टी के चुनाव चिह्न आवंटन में कथित फर्जीवाड़े और उसके दुरुपयोग के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सदर थाने में यह प्राथमिकी दीपक अरोड़ा ने दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे मोहित अरोड़ा को कांग्रेस का प्रत्याशी तय किया गया था और पार्टी का चुनाव चिह्न भी उनके नाम पर आवंटित किया गया था।

यह घटनाक्रम दो सितंबर को कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट के आरोप में दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को पार्टी से निलंबित किए जाने के बाद सामने आया है।

दीपक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि बाद में एक साजिश के तहत चुनाव चिह्न संबंधी दस्तावेज में बदलाव कर नव रतन डागा को लाभ पहुंचाया गया और उन्होंने वार्ड 50 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया।

सदर थानाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि दीपक अरोड़ा की शिकायत पर बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिश्नाराम सियाग और डागा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

थानाधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पार्टी के चुनाव चिह्न से संबंधित दस्तावेज में फर्जीवाड़ा किया गया और कथित फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल नामांकन दाखिल करने में किया गया।

अरोड़ा ने दावा किया कि पार्टी पर्यवेक्षकों से चर्चा के बाद उनके परिवार को मोहित की उम्मीदवारी तय होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद नामांकन की तैयारियां की गई और प्रचार भी शुरू कर दिया गया था।

मेघवाल ने कहा कि उन्होंने अभी प्राथमिकी नहीं देखी है और वह इसे पढ़ने के बाद ही आरोपों पर प्रतिक्रिया देंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच करेगी।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक